MP News: चलती एक्टिवा बनी आग का गोला, मिशन चौक ओवरब्रिज पर कूदकर राइडर ने बचाई जान

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। शहर के मिशन चौक ओवरब्रिज पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती एक्टिवा में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक चांडक चौक से बरगवां की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मिशन चौक ओवरब्रिज पर आजाद चौक के पास पहुंचा, तभी अचानक वाहन के निचले हिस्से से चिंगारियां निकलने लगीं। कुछ ही पलों में धुआं उठने लगा और देखते ही देखते एक्टिवा आग की लपटों में घिर गई।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोकी और दूर हट गया। कुछ ही मिनटों में पूरी एक्टिवा धू-धू कर जलने लगी और पूरी तरह खाक हो गई।

बीच सड़क पर जलती गाड़ी को देखकर राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी पास जाकर बुझाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। घटना के चलते ओवरब्रिज के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित कर स्थिति सामान्य की। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट और भीषण गर्मी को माना जा रहा है। पुलिस अब वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान करने में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post