दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। Jabalpur में माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जहां एक ओर सफल विद्यार्थी खुश हैं, वहीं असफल विद्यार्थियों को संभालने के लिए परिवार और शिक्षक लगातार उन्हें प्रेरित कर रहे हैं।
पुलिस ने एहतियातन तिलवारा घाट, बरगी डैम, भेड़ाघाट और गौरी घाट जैसे स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी है। इन जगहों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए असफल छात्रों से कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि यह समय निराश होने का नहीं, बल्कि दोबारा मेहनत करने का है। सरकार द्वारा दूसरा मौका दिया जा रहा है, जिसका लाभ उठाकर विद्यार्थी अपने परिणाम को बेहतर बना सकते हैं।
मॉडल हाई स्कूल की प्राचार्य डॉ. अर्चना ने कहा कि परीक्षा में असफल होने पर छात्र हतोत्साहित हो जाते हैं, लेकिन यह अंत नहीं है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे नकारात्मक सोच छोड़कर दोबारा तैयारी में जुटें।
स्कूल की छात्रा सिया जैन, जिन्होंने प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया है, ने भी साथियों से अपील की कि परिणाम खराब आने पर निराश न हों। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए कई मौके मिलते हैं और मेहनत से हर परिणाम बदला जा सकता है।
Tags
jabalpur
