दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। धनवंतरी नगर स्थित शराब दुकान की अव्यवस्थाओं को लेकर शिवसेना ने धनवंतरी नगर चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए दुकान के सामने सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आबकारी नियमों के उल्लंघन पर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान शिवसेना के राज्य उप प्रमुख शैलेंद्र बारी ने बताया कि उक्त शराब दुकान का खुलने और बंद होने का कोई निश्चित समय नहीं है। यहां 24 घंटे शराब की बिक्री हो रही है। साथ ही आहता बंद होने के बावजूद दुकान के आसपास खुले में शराब पिलाई जा रही है, जो नियमों के खिलाफ है।
इस दौरान जिला प्रमुख शैलू (सुजीत) पटेल द्वारा संजीवनी नगर थाना प्रभारी को कुछ वीडियो भी दिखाए गए, जिनमें अनियमितताएं स्पष्ट नजर आईं। वीडियो देखने के बाद थाना प्रभारी ने दुकान संचालक पर नाराजगी जताते हुए सख्त चेतावनी दी कि यदि आबकारी नीति का पालन नहीं किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शिवसेना पदाधिकारियों ने आबकारी अधिकारी के नाम थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि शहर की सभी शराब दुकानों में आबकारी नीति का सख्ती से पालन कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि नियमों का पालन नहीं हुआ तो शिवसेना उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
धरना प्रदर्शन में शिवसेना के राज्य उप प्रमुख शैलेंद्र बारी, जिला प्रमुख शैलू (सुजीत) पटेल, जिला सचिव गजानंद गुप्ता, मुकेश सराठे, असीम दुबे, राकेश सोनकर सहित अन्य शिवसैनिक उपस्थित रहे।
Tags
jabalpur
