दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के ग्राम परतला में लगुन समारोह के दौरान हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नितिन मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसके तीन अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है।
पुलिस ने आरोपी नितिन मिश्रा को गिरफ्तार करने के बाद ग्रामीणों में फैली दहशत को कम करने के लिए उसका जुलूस भी निकाला। इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ाने का प्रयास किया गया।
घटना 9 अप्रैल की है, जब ग्राम महगवां निवासी 21 वर्षीय कपिल कुमार लोधी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह डेकोरेशन का काम करता है और उस दिन अपने मामा के यहां लगुन कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम परतला गया था।
कार्यक्रम के दौरान परतला चौराहे पर एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार आकर रुकी, जिसमें से जमुनिया निवासी नितिन मिश्रा उतरा। उसने गांव के ही युवक मनीष पटेल के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया।
बीच-बचाव के दौरान मनीष पटेल वहां से भागने लगा, तभी आरोपी नितिन मिश्रा ने पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। गोली मनीष को न लगकर पास खड़े कमलेश उर्फ पंकज लोधी के सीने में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए थे, जिससे समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
तीन आरोपी अब भी फरार, पुलिस कर रही तलाश
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी नितिन मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके तीन अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Tags
jabalpur
