दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना ओमती पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने शातिर बदमाश निखिल नायडू सहित 4 आरोपियों को चाकू के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी
थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल के अनुसार, 17 अप्रैल को पेट्रोलिंग के दौरान भंवरताल गार्डन के पास एक स्कूटी के पास कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।
तलाशी में मिले 4 चायना चाकू
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम निखिल नायडू (28), सुमित ठाकुर उर्फ काले (27), प्रवीण राय (27) और नाहिद खान (25) बताए। तलाशी के दौरान निखिल की स्कूटी की डिक्की से एक चाकू बरामद हुआ, जबकि बाकी तीनों के पास से भी एक-एक चाकू मिला।
स्कूटी सहित हथियार जब्त, जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस ने चारों आरोपियों से 4 चाकू और 1 स्कूटी जब्त कर ली है। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी अपराधी प्रवृत्ति के हैं और इनके खिलाफ अवैध वसूली, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कई मामले विभिन्न थानों में पहले से दर्ज हैं। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक कुंज बिहारी सिंह, प्रधान आरक्षक राम सिंह परस्ते, देवेंद्र उपाध्याय, दीपक मिश्रा और आरक्षक रामप्रवेश की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
