दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान एक युवक को अवैध फायर आर्म्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया है।
थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि मड़ई ऑटो स्टैंड के पास एक संदिग्ध युवक सफेद टी-शर्ट और काला लोवर पहने दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह पान के टपरे के पीछे छिपने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमन केवट (22) निवासी रक्षा नगर कॉलोनी, बड़ा पत्थर रांझी बताया। तलाशी लेने पर उसके लोवर से एक देशी कट्टा और जेब से एक कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह हथियार रूपेंद्र साहू से 5 हजार रुपए में खरीदा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 17 मामले पहले से दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक चंद्रभान सिंह तथा आरक्षक हरिशंकर, मनीष और अभिषेक की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
