MP News: इंदौर में प्रशासन की सख्ती, 17 साल की दुल्हन और 13 साल के दूल्हे की शादी रुकवाई

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। जिले में बाल विवाह के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने दो अलग-अलग मामलों में नाबालिगों की शादी रुकवाकर सख्त संदेश दिया है। महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने अहिल्या पलटन और राऊ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए समय रहते हस्तक्षेप किया।

अहिल्या पलटन इलाके में एक घर में शादी की पूरी तैयारी हो चुकी थी। मंडप सजा था और दुल्हन को हल्दी लगाई जा रही थी, तभी टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि लड़की की उम्र 18 वर्ष से करीब 6 महीने कम है। अधिकारियों ने परिजनों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधान और इसके दुष्परिणाम समझाए, जिसके बाद दोनों पक्ष शादी टालने पर राजी हो गए। हालांकि, पहले से आए मेहमानों को भोजन कराने की अनुमति दी गई।

दूसरे मामले में राऊ थाना क्षेत्र के संजय नगर में दुल्हन बालिग थी, लेकिन दूल्हा महज 13 साल का पाया गया। शिकायत मिलने पर फ्लाइंग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा और दस्तावेजों की जांच के बाद विवाह रुकवा दिया। परिजनों ने पहले इनकार किया, लेकिन मौके पर शादी की तैयारियां स्पष्ट मिलीं।

प्रशासन ने दोनों मामलों में सख्त चेतावनी दी है कि यदि दोबारा बाल विवाह का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर द्वारा जिले में प्रतिबंधात्मक आदेश भी जारी किए गए हैं और ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post