दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कटंगी-मझौली रोड पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में चाचा-भतीजी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा कुसमी मानगढ़ क्षेत्र में उस समय हुआ, जब बाइक सवार परिवार शादी समारोह से लौट रहा था।
पुलिस के अनुसार, ग्राम धनवाही मझौली निवासी विमल रजक अपनी भतीजी साक्षी (14) और भाभी निशा रजक के साथ बंडा सागर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुबरा कटंगी से मझौली की ओर जाते वक्त कुसमी मानगढ़ में उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी बस से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि साक्षी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विमल और निशा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल कटंगी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान विमल रजक की भी मौत हो गई।
वहीं निशा रजक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और मेडिकल अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur

