दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तिलवारा पुल पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी एक साल की मासूम बच्ची चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई।
माढ़ोताल निवासी नारायण उर्फ बंटी केवट (32) अपनी पत्नी शालनी केवट (30) को ससुराल दलपतपुर से लेकर अपने गांव ओरैया लौट रहे थे। पत्नी की गोद में एक साल की बच्ची भी थी। रात करीब 11 बजे जैसे ही वे तिलवारा पुल पर पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार सफेद पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण कि उछल गए कई फीट
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद नारायण कई फीट दूर जा गिरे, जबकि शालनी पुल से करीब 50 फीट नीचे नर्मदा नदी में जा गिरीं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही तिलवारा थाना पुलिस और डायल 108 मौके पर पहुंची। नारायण को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने रेस्क्यू कर शालनी को नर्मदा नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी भी मौत हो चुकी थी।
मासूम सुरक्षित, लोगों ने गले से लगाया
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हादसे के वक्त मां की गोद में बैठी एक साल की बच्ची सड़क किनारे पड़ी मिली, जिसे खरोंच तक नहीं आई। मौके पर मौजूद लोगों ने बच्ची को उठाकर सुरक्षित किया और उसे गले से लगा लिया।
चालक फरार, वाहन जब्त
थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पिकअप का पीछा किया। कुछ दूरी पर यूपी 70 एमटी 8621 नंबर का वाहन सड़क किनारे खड़ा मिला, लेकिन चालक फरार था। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों को दी गई सूचना
मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम आज किया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें परिवार को सौंपा जाएगा।

