Jabalpur News: चाकू से हमला कर युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र स्थित इमलई की जूपिटर वैगंस फैक्ट्री में आपसी विवाद ने एक युवक की जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

ये है पूरा मामला

पनागर थाना प्रभारी विपिन बिहारी सिंह के अनुसार, 24 अप्रैल को धीरज यादव (25) निवासी ग्राम खिन्नी ने सूचना दी कि वह फैक्ट्री में गार्ड की नौकरी करता है। 23 अप्रैल की रात करीब 10 बजे वॉकी-टॉकी पर सूचना मिली कि एडम ब्लॉक में एम्बुलेंस भेजी जाए।

जब वह अपने साथी के साथ मौके पर पहुंचा, तो देखा कि सोमनाथ चिटी एम्बुलेंस में घायल अवस्था में था और शराब के नशे में था। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि उसका आदित्य पासवान से विवाद हुआ था।

अस्पताल में बिगड़ी हालत, मौत

घायल सोमनाथ को पहले पनागर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। बाद में उसे मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया, जहां रात करीब 11:30 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीएम रिपोर्ट में सामने आया कि चाकू से गले की नस कटने के कारण सोमनाथ की मौत हुई।

झगड़े में चाकू से किया हमला

जांच में पता चला कि आरोपी आदित्य कुमार पासवान (19) ने झगड़े के दौरान गुस्से में आकर कमरे में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से सोमनाथ के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इमलई में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी विपिन बिहारी सिंह, एएसआई राम सनेही पटेल, रजनीश भदौरिया, आरक्षक द्वारिका मिश्रा और रवि वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post