दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने लोगों में डर का माहौल बना दिया है। बुधवार देर रात गोहलपुर थाना क्षेत्र के समता कॉलोनी में 20 वर्षीय युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने युवक को घर के पास घेरकर गले और हाथ पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान समता कॉलोनी निवासी भावेश वीरानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात भावेश घर के पास घूम रहा था, तभी बाइक सवार अरुण, आयुष और शिव वहां पहुंचे। तीनों ने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू किया और देखते ही देखते चाकुओं से हमला कर दिया।
हमले में भावेश के गले और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। अधिक खून बहने से वह सड़क पर ही गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
108 एंबुलेंस से मेडिकल पहुंचाया, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। गोहलपुर थाना प्रभारी रीतेश पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। हालांकि, अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छह महीने पुराने विवाद का बदला!
मृतक के भाई धनंजय वीरानी ने बताया कि करीब छह महीने पहले भावेश का अरुण और उसके साथियों से विवाद हुआ था। उस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी।
जांच में जुटी पुलिस
हत्या की सूचना मिलते ही सीएसपी सहित भारी पुलिस बल मेडिकल कॉलेज पहुंचा और परिजनों से चर्चा की। पुलिस ने अरुण, आयुष और शिव के खिलाफ नामजद हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मौके पर मौजूद लोगों ने भी आरोपियों की पहचान की है।
लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाएं
गौरतलब है कि जबलपुर में तीन दिन के भीतर यह दूसरी हत्या की वारदात है। इससे पहले संजीवनी नगर क्षेत्र में हुए युवक हत्याकांड के आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। लगातार हो रही चाकूबाजी और हत्या की घटनाओं से शहरवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।


