दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जबलपुर पुलिस द्वारा व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कई वर्षों से फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 234 वारंट तामील किए गए। पुलिस ने लंबे समय से कानून से बच रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर 23 मई की रात 9 बजे से 24 मई की सुबह 2 बजे तक शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया।
अभियान में शहर और देहात के सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। प्रत्येक टीम को वारंटियों और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर कार्रवाई करते हुए 121 गैर-म्यादी वारंट, 61 गिरफ्तारी वारंट तथा 52 जमानती वारंट तामील किए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अधिकांश आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। विशेष अभियान के दौरान इनकी पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि जनता में सुरक्षा की भावना बनाए रखना और कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। लंबे समय से फरार अपराधियों को गिरफ्तार करना आवश्यक था और ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा।
कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस ने सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की। देर रात आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। साथ ही संदिग्ध वाहनों की भी जांच की गई।
Tags
jabalpur
