Jabalpur News: ट्रक और बस की भिड़ंत, कंडक्टर की मौत; कई यात्री घायल

ai image
दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र में नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर देर रात एक यात्री बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में बस कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।  पुलिस के अनुसार ग्राम देवरीकला, छपारा निवासी प्रमोद कुमार ठाकुर (27) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह महाराष्ट्र के वर्धा जिले के आर्वी निवासी मालिक के ट्रक क्रमांक एमएच 40 डीसी 6111 का चालक है। वह अमरावती से तुअर (अरहर) लोड कर कंडक्टर सतीश कुमार के साथ कटनी के लिए निकला था। जब उसका ट्रक नागपुर-जबलपुर एनएच-34 पर ग्राम हुल्की स्थित प्रभु ढाबा के सामने पहुंचा, तभी पीछे से आ रही दीपक ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 20 जेड ई 6625 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए ट्रक के पीछे दाहिनी ओर टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक और बस दोनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। 

दुर्घटना में ट्रक में लोड तुअर की 8 से 10 बोरियां फटकर सड़क पर बिखर गईं। वहीं बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। घायलों में बस कंडक्टर राजपाल सिंह, मोहम्मद साहिल, कीर्ति सिंह और मनीश कुमार शामिल हैं, जिन्हें 1033 और 108 एम्बुलेंस की सहायता से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। अन्य यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। उपचार के दौरान बस कंडक्टर राजपाल सिंह (45) निवासी देवघटा, थाना कोतवाली, जिला सीधी की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पुलिस ने मामले में बस चालक के खिलाफ धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post