दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर के राजमोहल्ला क्षेत्र में रविवार शाम उस समय हंगामा मच गया जब एक युवती से मिलने पहुंचे होमगार्ड के नगर सैनिक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर जमकर पीट दिया। रहवासियों ने उस पर चोरी और छेड़छाड़ के आरोप लगाते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नगर सैनिक को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस के अनुसार, नगर सैनिक प्रशांत श्रीवास द्वारकापुरी क्षेत्र का निवासी है। बताया जा रहा है कि वह एच कॉलोनी स्थित एक युवती से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। लोगों ने आरोप लगाया कि वह घर में चोरी करने और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश कर रहा था।
सूचना पर पहुंची एफआरवी टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया और प्रशांत को छत्रीपुरा थाने ले जाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
प्रारंभिक पूछताछ में प्रशांत श्रीवास ने पुलिस को बताया कि उसकी मंगेतर के साथ राजमोहल्ला निवासी एक युवक ने मारपीट की थी। वह उसी युवक की तलाश में उसके घर पहुंचा था। आरोप है कि युवक के घर पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों और आसपास के रहवासियों ने उसे पकड़ लिया और पीटना शुरू कर दिया। मारपीट से बचने के प्रयास में वह भागा, लेकिन इस दौरान एक नाले में गिर गया।
पुलिस के मुताबिक, जिस युवती से उसका संबंध बताया जा रहा है, वह भी द्वारकापुरी क्षेत्र की रहने वाली है।
एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। नगर सैनिक के साथ हुई मारपीट और उस पर लगाए गए आरोपों की अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Tags
madhya pradesh
