MP News: खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से युवक की मौत, ठेकेदार पर केस दर्ज

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम शेर चौक क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान में शौचालय के लिए गहरा सेप्टिक टैंक खोदा गया था, जिसे बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुला छोड़ दिया गया था। 14 मई की रात ग्राम बड़वारा निवासी उमेश कुमार (30) पिता बरसी कुम्हार वहां से गुजर रहे थे। अंधेरा होने और चेतावनी संकेत या बैरिकेडिंग नहीं होने के कारण उन्हें खुले टैंक का अंदाजा नहीं लग सका और वे उसमें गिर गए।

बताया जा रहा है कि टैंक में पानी भरा हुआ था, जिससे दम घुटने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था। न तो टैंक के आसपास बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड लगाया गया था, जबकि क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बनी रहती है।

बड़वारा थाना पुलिस ने रोहनिया निवासी नवीन गुप्ता के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post