दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। जिले के बिछिया थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर रविवार दोपहर खाद से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक और हेल्पर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक जबलपुर से खाद लेकर बिछिया की ओर जा रहा था। रविवार दोपहर करीब 2 बजे चिकलहा नाले के पास अचानक एक गाय ट्रक के सामने आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सड़क किनारे पलट गया और उसमें भरी खाद सड़क पर फैल गई।
हादसे के समय सड़क मरम्मत कार्य में लगे श्रमिक भी मौके के पास मौजूद थे। हालांकि, ट्रक उनकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे हेल्पलाइन एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस कर्मियों ने घायल चालक और हेल्पर को प्राथमिक उपचार देने के बाद बिछिया अस्पताल पहुंचाया।
सूचना पर बिछिया थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
Tags
madhya pradesh
