Jabalpur News: मदनमहल स्टेशन पर 16 वर्षीय बालिका से 4 किलो गांजा जब्त, सूटकेस में रखे थे चार पैकेट

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदनमहल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 वर्षीय बालिका के कब्जे से 4 किलो 154 ग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत लगभग 2 लाख 7 हजार 700 रुपए बताई जा रही है। थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि पुलिस टीम भ्रमण पर थी। इसी दौरान दद्दा परिसर के सामने एक नाबालिग बालिका संदिग्ध अवस्था में सूटकेस लिए दिखाई दी। 

पूछताछ करने पर बालिका ने अपनी उम्र 16 वर्ष बताई और कहा कि वह रश्मि ठाकुर नामक महिला के साथ जगन्नाथपुरी गई थी। बालिका ने पुलिस को बताया कि वह जगन्नाथपुरी से रायपुर होते हुए ट्रेन से मदनमहल रेलवे स्टेशन पहुंची थी। उसके अनुसार रश्मि ठाकुर ने स्टेशन पहुंचने के बाद अपना बैग उसे पकड़ाकर बाहर जाने को कहा और बाद में आने की बात कही, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी वह वापस नहीं लौटी। 

पुलिस द्वारा सूटकेस की तलाशी लेने पर उसमें खाकी रंग की पन्नी में लिपटे चार पैकेट मिले, जिनमें गांजा रखा था। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए गांजे की तौल कराई गई, जिसका वजन 4 किलो 154 ग्राम निकला। पुलिस ने नाबालिग बालिका से अवैध मादक पदार्थ जब्त करते हुए उसके तथा रश्मि ठाकुर के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post