दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रज्जू गुरु अखाड़े के पास एक घर में सफाई कर्मचारी बनकर पहुंचे दो युवकों द्वारा गैस सिलेंडर चोरी कर फरार होने का मामला सामने आया है। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार रज्जू गुरु अखाड़े के पास रहने वाले डॉ. मृदुल यादव के घर दो युवक पहुंचे और खुद को सफाई कर्मचारी बताते हुए घर में सफाई करने की बात कही। युवकों ने उनसे कहा कि वे उनकी शिकायत न करें क्योंकि एक दिन पहले ही दो कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।
डॉ. यादव ने बताया कि उन्होंने युवकों से कहा कि उन्होंने कोई शिकायत नहीं की है और यदि वे सफाई करना चाहते हैं तो कर सकते हैं। इसी दौरान दोनों युवक घर के अंदर पहुंचे और मौका पाकर रसोई गैस सिलेंडर उठाकर स्कूटी में रखकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी लगने पर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें दोनों युवक सिलेंडर ले जाते हुए दिखाई दिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली थाना पुलिस से की है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। कुछ दिन पहले भी अखाड़ा क्षेत्र स्थित एक मंदिर से हनुमान जी का मुकुट और दान पेटी तोड़कर नकदी चोरी की गई थी। उस मामले में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस से मांग की है कि बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गश्त बढ़ाई जाए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
Tags
jabalpur
