दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के मदनमहल थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे बने मकान में सो रहे 22 वर्षीय कॉलेज छात्र पर अज्ञात हमलावर ने ऊपर से एसिड फेंक दिया। एसिड की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वह छत को भेदते हुए सीधे छात्र पर गिरा, जिससे वह करीब 50 प्रतिशत तक झुलस गया है। घायल युवक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नींद में हुआ जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, भानतलैया निवासी शिवांश बैन (22) रविवार तड़के करीब 3:30 बजे अपने कमरे में सो रहा था। तभी फ्लाईओवर ब्रिज की ओर से किसी अज्ञात व्यक्ति ने ज्वलनशील एसिड नीचे फेंका। एसिड सीधे शिवांश के ऊपर गिरा, जिससे उसके शरीर में आग लग गई और वह चीखने लगा। पास ही सो रहे बड़े भाई ने तत्काल कंबल डालकर आग बुझाई और परिजनों की मदद से उसे अस्पताल पहुँचाया।
50 प्रतिशत झुलसा शरीर, हालत नाजुक
अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, एसिड अटैक के कारण शिवांश के दोनों हाथ, सीना और कमर का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। उसकी स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है। परिजनों का आरोप है कि करीब 10 दिन पहले भी उनके घर पर पथराव हुआ था, जिसकी शिकायत पुलिस में की गई थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई।
फ्लाईओवर से साक्ष्य जुटा रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मदनमहल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने उस स्थान का बारीकी से निरीक्षण किया है जहाँ से एसिड फेंका गया था। प्रारंभिक जांच में अंदेशा है कि हमलावर ने फ्लाईओवर की ऊंचाई का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया है।
इन्होने कहा
हमने घटनास्थल और फ्लाईओवर ब्रिज से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।" — धीरज राज, थाना प्रभारी, मदनमहल
दहशत में स्थानीय निवासी
इस सनसनीखेज वारदात के बाद फ्लाईओवर के आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। घर के अंदर सो रहे व्यक्ति पर इस तरह का हमला सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
