Jabalpur News: दाद्दाजी घाट पर डूबे युवक का शव बरामद, दोस्तों के साथ गया था नहाने

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। तिलवाराघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत दाद्दाजी घाट पर रविवार शाम एक हादसा हो गया। यहाँ दोस्तों के साथ नर्मदा नदी में नहाने गया 18 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आने से लापता हो गया था, जिसका शव सोमवार सुबह रेस्क्यू टीम ने बरामद कर लिया है। 

तेज बहाव के कारण हुआ हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, भानतलैया टेढ़ी नीम क्षेत्र का निवासी लकी अंसारी (18) रविवार शाम अपने कुछ मित्रों के साथ दाद्दाजी घाट घूमने और नहाने गया था। नदी में नहाते समय अचानक लकी का संतुलन बिगड़ा और वह पानी के तेज बहाव के साथ गहरे पानी में समा गया। उसे आंखों के सामने ओझल होता देख साथियों ने शोर मचाया और तत्काल तिलवाराघाट पुलिस को घटना की जानकारी दी।

हादसे की सूचना मिलते ही तिलवारा पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं। रविवार देर रात तक गोताखोरों ने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा अधिक होने और बहाव तेज होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह एक बार फिर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसके बाद लकी का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद हुआ।

पुलिस जांच जारी

तिलवाराघाट पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और घटना के समय वहां मौजूद दोस्तों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post