दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के अधारताल थाना क्षेत्र में स्थित महाराजपुर शराब दुकान पर रविवार दोपहर विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नर्मदा नगर ग्वारीघाट निवासी विजय यादव (20 वर्ष) ने थाना अधारताल में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह महाराजपुर शराब दुकान में काम करता है। रविवार दोपहर करीब 12:15 बजे वह अपने साथियों लवकेश ठाकुर, निक्की ठाकुर, अंकित चक्रवर्ती, आशीष त्रिवेदी और संदीप शुक्ला के साथ दुकान पर मौजूद था। उस समय दुकान पर काफी भीड़ थी।
इसी दौरान निक्की शर्मा, राजा ठाकुर और उनका एक साथी दुकान पर पहुंचे और पहले शराब देने की बात कहने लगे। विजय यादव द्वारा भीड़ का हवाला देते हुए पहले से खड़े ग्राहकों को शराब देने की बात कहने पर तीनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे।
विवाद बढ़ने पर विजय दुकान के बाहर आया और आरोपियों को गाली देने से मना किया, जिस पर तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। विजय ने बचाव में झुककर वार से बचने की कोशिश की, लेकिन चाकू उसके कंधे के पीछे लग गया, जिससे वह घायल हो गया। उसने बताया कि यदि वह नहीं झुकता तो चाकू उसके सीने में लग सकता था।
घटना के बाद आरोपी यह धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए कि यदि थाने में रिपोर्ट की तो जान से खत्म कर देंगे।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 109, 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
