गाजियाबाद में छात्र सूर्या हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर, तीन अन्य आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) गाजियाबाद। गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मुख्य आरोपी असद (19) को पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार असद शहर छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था। वसुंधरा इलाके में घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बाइक और पिस्टल बरामद की है।

इस मामले में पुलिस ने नवाब, फरहान और आतिफ नामक तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि हत्या की साजिश और वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।

सूर्या चौहान की हत्या बकरीद के दिन हुई थी। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी असद ने फोन कर सूर्या को मिलने बुलाया था। वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उसे घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमले का घटनाक्रम दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।

मुख्य आरोपी के एनकाउंटर के बाद भी मृतक छात्र के परिवार का आक्रोश कम नहीं हुआ है। सूर्या की मां सरोज ने कहा कि उन्हें तभी विश्वास होगा जब उन्हें असद के एनकाउंटर की पुष्टि के लिए उसका शव दिखाया जाएगा। उन्होंने मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और रैपिड रिस्पांस फोर्स तैनात की गई है। कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मुख्यमंत्री की ओर से 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही परिवार के एक सदस्य को योग्यता के अनुसार नगरपालिका में रोजगार उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और दोषियों को सख्त सजा मिलेगी।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने भी घटना की निंदा करते हुए दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है।

सूर्या की मौत के बाद शनिवार को सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया था और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से भी इनकार कर दिया था। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद देर शाम अंतिम संस्कार कराया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post