टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमले के मामले में 5 गिरफ्तार; ममता बनर्जी ने बताया सुनियोजित साजिश, लगाए गंभीर आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कोलकाता।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सांसद Abhishek Banerjee पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई वीडियो फुटेज के आधार पर रातभर चली छापेमारी के बाद की। घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने हमले को सुनियोजित साजिश बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि यदि अभिषेक बनर्जी ने हेलमेट नहीं पहना होता तो उनकी जान भी जा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और पुलिस अधिकारियों की ओर से अस्पताल प्रबंधन तथा डॉक्टरों पर दबाव बनाया गया, जिसके चलते अभिषेक को अस्पताल से जल्द छुट्टी दी गई।

शनिवार को दक्षिण सोनारपुर में चुनाव बाद हिंसा के पीड़ित टीएमसी कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों से मिलने पहुंचे अभिषेक बनर्जी को विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान भीड़ ने उन्हें घेर लिया और उन पर अंडे तथा पत्थर फेंके। हालात बिगड़ने पर सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हेलमेट पहनाकर सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के दौरान उनकी शर्ट भी फट गई।

हमले के बाद अभिषेक बनर्जी को पहले अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें घर पर आराम की सलाह दी। बाद में उन्हें बेले व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उनसे मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि दक्षिण कोलकाता के डीसीपी और भाजपा नेताओं की ओर से डॉक्टरों एवं अस्पताल प्रबंधन को धमकी भरे फोन किए गए।

ममता ने सवाल उठाया कि यदि अभिषेक की हालत गंभीर नहीं थी तो उन्हें इंटेंसिव थेरेपी यूनिट (आईटीयू) में क्यों रखा गया और फिर अचानक अस्पताल से छुट्टी क्यों दे दी गई। उन्होंने बताया कि अब अभिषेक का इलाज घर पर फैमिली डॉक्टर की निगरानी में होगा, जहां ऑक्सीजन सिलेंडर समेत अन्य जरूरी मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

दक्षिण 24 परगना जिले का सोनारपुर इलाका लंबे समय से राजनीतिक रूप से संवेदनशील माना जाता है। विधानसभा चुनाव 2026 के बाद यहां कई हिंसक घटनाएं सामने आई थीं। चुनाव बाद हुई हिंसा में एक टीएमसी कार्यकर्ता की मौत हो गई थी, जबकि कामराबाद नस्करपाड़ा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता के घर में आग लगाने की घटना भी सामने आई थी।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा ने 294 में से 208 सीटें जीतकर पहली बार राज्य में सरकार बनाई थी। वहीं टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई थी। 

Post a Comment

Previous Post Next Post