दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना ग्वारीघाट क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर मना करने से नाराज चार युवकों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया, वहीं उसके भतीजे को चाकू मारकर जख्मी कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार देवरी खुर्द, राम वार्ड पनागर निवासी 47 वर्षीय सोनू लाल बर्मन ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह पेशे से ड्राइवर है। वह अपने परिवार, भतीजे कबीर और लड़की नंदनी के साथ जिलहरी घाट कथा कराने गया था। कथा समाप्त होने के बाद जब सभी लोग वापस लौट रहे थे और कच्चे रास्ते पर पहुंचे, तभी शाम करीब 4 बजे चार युवक वहां पहुंचे।
आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब सोनू लाल बर्मन ने पैसे देने से मना किया और उनसे नाम पूछा, तो उन्होंने अपने नाम हर्षू सिंह, तनिष्क, सुमित और सोनू बताए। पैसे न देने पर चारों युवक गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने एक राय होकर सोनू लाल के मुंह पर लोहे का कड़ा मार दिया, जिससे उनके मुंह से खून निकलने लगा।
इसी दौरान आरोपी तनिष्क ने भतीजे कबीर की दाहिनी जांघ में चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ितों ने नीचे मौजूद अपने साथियों को आवाज दी, जिसके बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 119(1), 118(1), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
