Jabalpur News: गाय पर अभद्र टिप्पणी का ऑडियो वायरल, सराफा व्यापारियों ने पुलिस बुलाकर आरोपी को कराया गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के सराफा बाजार (आशीर्वाद स्वर्ण मार्केट) में सोने के जेवरात की पॉलिश को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एक बेहद संवेदनशील मोड़ ले चुका है। फोन पर गाय माता को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना से आक्रोशित स्थानीय व्यापारियों ने शुक्रवार सुबह आरोपी बंगाली मुस्लिम युवक के दुकान पहुंचते ही पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे हिंदूवादी नेता सीताराम सेन और व्यापारियों की मौजूदगी में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, घटना की शुरुआत 21 मई 2026 की रात करीब 9:30 बजे हुई थी। आशीर्वाद स्वर्ण मार्केट में शिकायतकर्ता दीपक साऊ और जेवर पॉलिश का काम करने वाले आरोपी युवक के बीच पॉलिश की गुणवत्ता को लेकर तीखी बहस हुई थी। दुकान पर हुआ यह विवाद यहीं नहीं थमा, बल्कि आधी रात को इसने और भी गंभीर रूप ले लिया।

शिकायत के अनुसार, रात लगभग 12:30 बजे आरोपी ने दीपक साऊ को फोन पर न सिर्फ गंदी-गंदी गालियां दीं, बल्कि व्हाट्सऐप पर भी एक आपत्तिजनक ऑडियो संदेश भेजा। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया और पीड़ित को धमकी दी कि यदि उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, तो वह उसे जान से मार डालेगा। इसके बाद सुबह होते ही पीड़ित पक्ष ने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराई।

इधर, रात में ही आरोपी का वह कथित ऑडियो और वीडियो संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें उसे गाय को लेकर अभद्र टिप्पणी करते हुए सुना जा सकता है। जैसे ही यह ऑडियो सराफा के व्यापारियों तक पहुंचा, पूरे क्षेत्र के व्यावसायिक वर्ग में भारी आक्रोश फैल गया। शुक्रवार सुबह जब आरोपी युवक रोज की तरह सराफा स्थित दुकान पर काम करने पहुंचा, तो वहां पहले से ही सतर्क मौजूद व्यापारियों ने उसे घेर लिया। बाजार का माहौल और संवेदनशीलता को देखते हुए व्यापारियों ने कानून अपने हाथ में न लेते हुए तुरंत कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर हिंदूवादी नेता सीताराम सेन भी पहुंचे। पुलिस ने बिना देर किए त्वरित कार्रवाई की और व्यापारियों की मौजूदगी में आरोपी को हिरासत में लेकर थाने रवाना किया।

कोतवाली थाना पुलिस ने पीड़ित दीपक साऊ की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। सोशल मीडिया पर इस कथित वीडियो और ऑडियो क्लिप के तेजी से प्रसारित होने के बाद पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है।

कोतवाली पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और वायरल ऑडियो-वीडियो की सत्यता की पुष्टि के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post