Jabalpur News: भूत-प्रेत का डर दिखाकर महिला से लोटे में डलवाए सोने के गहने, अंतिम उतारे का झांसा देकर हुआ रफूचक्कर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का फायदा उठाकर एक महिला से सोने के जेवर और नकदी ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने घर में भूत-प्रेत का साया होने का भय दिखाकर कथित पूजा-पाठ और उतारा करने के नाम पर महिला से हजारों रुपये और सोने के आभूषण हड़प लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार छोटी खैरी करोंदा नाला निवासी 60 वर्षीय किरण गोटिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि पंचम चौहान नामक व्यक्ति एक अन्य युवक के साथ उनके घर पहुंचा। पंचम ने स्वयं को उनके बेटे का परिचित बताते हुए कहा कि घर पर भूत-प्रेत का साया है और विशेष पूजा-पाठ तथा उतारा करना आवश्यक है। उस समय किरण गोटिया और उनकी बहू सरिता प्रजापति घर पर मौजूद थीं। पंचम ने उनसे एक खाली पेटी, चादर और अन्य सामान मंगवाया तथा कथित धार्मिक क्रिया शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक पंचम ने नींबू और नारियल से उतारा करने की प्रक्रिया शुरू की। 

इसी दौरान उसने महिला से कहा कि पेटी में रखे पैसे दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उसने एक लोटे में पानी भरकर महिला से गले में पहनी सोने की पांचाली उसमें डालने को कहा। आरोपी ने बहू के गले में पहना सोने का पेंडल भी मांग लिया। महिला ने विश्वास में आकर बहू से पेंडल उतरवाकर पंचम को दे दिया, जिसे उसने उसी लोटे में रख लिया। आरोप है कि इसके बाद पंचम ने कहा कि पूजा-पाठ की प्रक्रिया पूरी करने के लिए 20 हजार रुपये की आवश्यकता होगी। महिला ने अपने पास रखे 3 हजार रुपये दिए, जबकि शेष रकम उनके बेटे रोशन ने उधार लेकर आरोपी को दी। 

रुपये और जेवर लेने के बाद पंचम ने कहा कि वह नारियल ठंडा करके वापस आ रहा है और तब अंतिम उतारा करेगा। उसने महिला को गीले कपड़े पहनकर इंतजार करने के लिए कहा और अपना लोटा लेकर वहां से चला गया। काफी देर तक आरोपी के वापस नहीं लौटने पर किरण गोटिया को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने पंचम चौहान की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पीड़िता ने अधारताल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। अधारताल पुलिस ने आरोपी पंचम चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post