दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भोपाल की मॉडल द्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में शुक्रवार को एक बड़ा और अप्रत्याशित मोड़ आया। मामले के मुख्य आरोपी समर्थ सिंह ने भोपाल की बजाय जबलपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्य आरोपी समर्थ सिंह ने अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करते हुए अंतिम संस्कार में शामिल होने की बात का हवाला दिया है। गौरतलब है कि सरेंडर करने से ठीक पहले समर्थ सिंह की ओर से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में दायर की गई अपनी अग्रिम जमानत याचिका भी वापस ले ली गई थी, जिसके बाद उनके पास सरेंडर करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था।
मॉडल द्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद से ही यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। मृतका के परिजनों ने समर्थ सिंह और उनके ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मौत के लिए जिम्मेदार होने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हाल ही में हाईकोर्ट ने द्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम (Re-postmortem) कराने के कड़े निर्देश भी जारी किए हैं।
समर्थ सिंह के जबलपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण करने के बाद अब जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। भोपाल पुलिस और मामले की जांच कर रही टीमें जल्द ही आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू करेंगी। कानूनी जानकारों का मानना है कि समर्थ सिंह से होने वाली पूछताछ में द्विशा शर्मा की मौत से जुड़े कई चौंकाने वाले राज और अहम सबूत सामने आ सकते हैं।
Tags
jabalpur
