दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को दो पक्षों के बीच दुकान के सामने रखी ईंट हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली शिकायत के अनुसार, झंडा बाजार गोसलपुर निवासी शिवकुमार साहू (47 वर्ष) ने बताया कि वह बस स्टैंड के पास कपड़े की दुकान संचालित करता है। उसके अनुसार, पड़ोसी मंगल सेन की किराना दुकान के पास रखी ईंटें उसकी दुकान को ढक रही थीं। ईंट हटाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद मंगल सेन के पुत्र सुरेश सेन और मुकेश सेन ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोप है कि सुरेश सेन ने पास में रखे समर्सिबल पंप के पाइप से उसके सिर में चोट पहुंचाई और दोनों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस रिपोर्ट पर बीएनएस की धाराओं 296(बी), 115(2), 118(1), 351(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं दूसरी ओर, मंगल राम सेन (80 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी किराना दुकान के पास शिवकुमार साहू ने विवाद के दौरान शराब के नशे में गाली-गलौज की। बाद में वह लोहे की कुल्हाड़ी और हसिया लेकर आया और ईको कार में तोड़फोड़ की, जिससे वाहन के शीशे और अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। शिकायत में यह भी आरोप है कि विरोध करने पर शिवकुमार ने मारपीट कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया, जिससे उन्हें अंदरूनी चोटें आईं। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। इस मामले में पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 296(बी), 115(2), 119(1), 351(3), 324(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
Tags
jabalpur
