MP News: बीकॉम ऑनर्स की फीस, डिग्री प्लेन! कटनी में छात्रों का फूटा गुस्सा, कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। कटनी के एक निजी कॉलेज के छात्रों ने बीकॉम ऑनर्स के नाम पर फीस लेने और बाद में प्लेन बीकॉम डिग्री दिए जाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। जनसुनवाई के दौरान छात्रों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की।

छात्रों ने बताया कि वे सत्र 2023-24 में चड्ढा कॉलेज के बीकॉम (ऑनर्स) प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थी हैं। कॉलेज द्वारा जारी अंकसूची में बीकॉम ऑनर्स अंकित है, लेकिन जब वे विश्वविद्यालय के पोर्टल पर डिग्री के लिए आवेदन करते हैं तो वहां बीकॉम (प्लेन) डिग्री प्रदर्शित हो रही है।

विद्यार्थियों का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन ने ऑनर्स कोर्स के नाम पर अतिरिक्त फीस वसूली, लेकिन अब उन्हें सामान्य बीकॉम डिग्री दी जा रही है। इससे उनके शैक्षणिक और व्यावसायिक भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उनका कहना है कि ऑनर्स डिग्री को उच्च शिक्षा और कॉर्पोरेट क्षेत्र में अधिक महत्व दिया जाता है।

आक्रोशित छात्रों ने मांग की कि उन्हें बीकॉम ऑनर्स की वैध डिग्री प्रदान की जाए। यदि ऐसा संभव नहीं है तो ऑनर्स कोर्स के नाम पर ली गई अतिरिक्त फीस वापस की जाए। साथ ही पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

जनसुनवाई में मौजूद अधिकारियों ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले को उच्च शिक्षा विभाग एवं संबंधित विश्वविद्यालय को जांच के लिए भेजने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि कॉलेज के रिकॉर्ड, फीस संरचना और विश्वविद्यालय स्तर की प्रक्रिया की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, कॉलेज के डायरेक्टर जय चड्ढा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कॉलेज की ओर से सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर दी गई हैं। छात्रों को मार्कशीट या डिग्री प्राप्त करने में जो समस्या आ रही है, वह संभवतः विश्वविद्यालय स्तर की तकनीकी समस्या हो सकती है।

फिलहाल, मामले की जांच शुरू होने के बाद छात्र कार्रवाई और समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post