MP News: अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष से अभद्रता पर बवाल, बस स्टैंड पर वकीलों का धरना; आरोपी एजेंट पर कार्रवाई की मांग

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट मनोज गुप्ता के साथ बस स्टैंड परिसर में कथित अभद्रता और मारपीट के मामले ने सोमवार को तूल पकड़ लिया। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने बस स्टैंड परिसर में धरना प्रदर्शन कर आरोपी बुकिंग एजेंटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, एडवोकेट मनोज गुप्ता रविवार को अपनी पत्नी और बच्चों को जबलपुर जाने वाली बस में बैठाने बस स्टैंड पहुंचे थे। इसी दौरान उनका बुकिंग एजेंट मुन्ना पटेल और आशीष पटेल से विवाद हो गया। गुप्ता का आरोप है कि दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट की। उन्होंने मुन्ना पटेल को आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बताते हुए उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा जिलाबदर किए जाने की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सोनल सिडाम, एसडीओपी पीयूष मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी वकीलों से चर्चा कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

एसडीओपी पीयूष मिश्रा और थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि एडवोकेट मनोज गुप्ता की शिकायत पर मुन्ना पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में अधिवक्ता संघ और बस स्टैंड एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की जा रही है।

घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां जाम, अव्यवस्थित संचालन और बुकिंग एजेंटों की मनमानी जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। उनका मानना है कि स्थायी समाधान नहीं होने से ऐसे विवाद लगातार सामने आते रहेंगे।

पुलिस और प्रशासन ने बस स्टैंड क्षेत्र में चौकी व्यवस्था मजबूत करने, नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और यातायात व्यवस्था में सुधार के प्रयास किए जाने की बात कही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post