दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रेल पुलिस (GRP) जबलपुर ने ट्रेनों में चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से करीब 10-11 माह पूर्व हमसफर एक्सप्रेस से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 2 लाख 58 हजार रुपये आंकी गई है। पकड़ा गया आरोपी पहले से ही चोरी के कई मामलों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ स्थाई वारंट भी जारी था।
संदिग्ध हालत में प्लेटफॉर्म से धराया आरोपी
पुलिस अधीक्षक (रेल) सिमाला प्रसाद के निर्देशन में गर्मियों की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार (3 मई 2026) को जीआरपी टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 6 के आउटर (इटारसी छोर) पर एक संदिग्ध व्यक्ति को घूमते हुए देखा। पूछताछ में आनाकानी करने पर जब पुलिस ने सख्ती दिखाई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान विवेक वैध (36 वर्ष), निवासी जालपा वार्ड, कटनी के रूप में हुई है।
11 महीने पहले हमसफर एक्सप्रेस में की थी वारदात
पूछताछ के दौरान आरोपी विवेक ने स्वीकार किया कि उसने करीब 10-11 महीने पहले हमसफर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 09066) के स्लीपर कोच से एक यात्री का पिट्टू बैग चोरी किया था। उस बैग में सोने-चांदी के जेवरात, दो मोबाइल और जरूरी कागजात थे। आरोपी इन जेवरातों को बेचने के लिए जबलपुर आया था, लेकिन ग्राहक न मिलने के कारण वह वापस कटनी भागने की फिराक में था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
लाखों के जेवरात बरामद, स्थाई वारंटी भी था बदमाश
जीआरपी ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सारा माल बरामद कर लिया है, जिसमें एक सोने का मंगलसूत्र और एक सोने की चेन, सोने की दो बालियां और एक छोटा लॉकेट (ज्यूतिया) एक जोड़ी चांदी की पायल शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी विवेक के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं और वह कोर्ट से जारी स्थाई वारंट में फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
टीम को मिलेगा नकद पुरस्कार
इस बड़ी रिकवरी और गिरफ्तारी में जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक मनोज मिश्रा, अरुण तिवारी, रामनिवास ओझा, शैलेंद्र सिंह, संतोष चौबे, आरक्षक रविकांत, परशुराम, गोपाल, राजा जैन, राजकुमार मेहरा और आरपीएफ सीआईबी के सउनि अमित सिंह की मुख्य भूमिका रही। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक रेल ने पूरी टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
Tags
jabalpur

