दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कैंट बोर्ड जबलपुर ने सोमवार को अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मोदीबाड़ा क्षेत्र में वर्षों से संचालित अवैध डेरी सहित आधा दर्जन अतिक्रमणों पर बुल्डोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार मोदीबाड़ा स्थित एपीएन स्कूल के पास लंबे समय से इरफान नामक व्यक्ति द्वारा शासकीय भूमि (सी-लैंड) पर अवैध रूप से डेरी संचालित की जा रही थी। डेरी के कारण आसपास गंदगी फैली रहती थी, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में कैंट बोर्ड प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कैंट बोर्ड के सीईओ राजीव कुमार ने करीब दो माह पहले डेरी संचालक को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके निर्धारित समय सीमा के भीतर अवैध निर्माण नहीं हटाया गया।
इसके बाद सोमवार को कैंट बोर्ड के इंजीनियरिंग सेक्शन और अतिक्रमण विरोधी दल ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान जूनियर इंजीनियर अनुराग आचार्य, अतिक्रमण विरोधी दल प्रभारी नितेश पटेरिया सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
अधिकारियों के मुताबिक अतिक्रमणकारी धीरे-धीरे शासकीय भूमि पर कब्जा बढ़ा रहे थे। डेरी के साथ करीब पांच परिवारों ने अवैध पक्के मकान भी बना लिए थे। इतना ही नहीं, सार्वजनिक सड़क पर कब्जा कर बाथरूम तक बना लिए गए थे, जिससे आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी।
जूनियर इंजीनियर अनुराग आचार्य ने बताया कि सीईओ राजीव कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। साथ ही कुछ अन्य लोगों को चेतावनी दी गई है कि वे अगले तीन दिनों के भीतर अपना सामान और अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा बोर्ड द्वारा आगे भी कार्रवाई करते हुए निर्माण ध्वस्त कर दिए जाएंगे।
.jpeg)