दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़ा चौगान इलाके में रविवार रात विवाद शांत कराने और बीच-बचाव की कोशिश करना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। दो सगे भाइयों ने मिलकर पान दुकानदार और उसके नाबालिग बेटे के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि लोहे की छड़ से हमला कर दुकानदार का सिर फोड़ दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
ये है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कमानिया गेट निवासी विशाल चौरसिया (50 वर्ष) की सराफा चौराहे के पास पान की दुकान है। रविवार रात करीब 12:15 बजे वे दुकान बंद कर अपने 16 वर्षीय बेटे अक्षय के साथ घर लौट रहे थे। जब वे हनुमान लस्सी वाली गली (बड़ा चौगान) के पास पहुँचे, तो उन्होंने देखा कि वहीं का निवासी अरविंद कुमार जैन हाथ में लोहे की छड़ लिए लस्सी वाले से विवाद कर रहा था।
बीच-बचाव करने पर भड़के आरोपी
शोर सुनकर विशाल और उनका बेटा वहां रुक गए। उन्हें वहां खड़ा देखकर अरविंद जैन भड़क गया और उनके बेटे अक्षय को गाली देते हुए मारने दौड़ा। जब विशाल ने उसे रोकने की कोशिश की, तभी अरविंद का भाई अनिल जैन भी वहां आ पहुँचा। दोनों भाइयों ने मिलकर पिता-पुत्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान अरविंद ने अपने हाथ में ली हुई लोहे की छड़ विशाल के सिर पर दे मारी, जिससे वे लहूलुहान हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बचाया
मौके पर मौजूद नवीन गुप्ता, संतोष जयसवाल और श्रेयस जैन ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। जाते-जाते दोनों आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित विशाल चौरसिया की रिपोर्ट पर आरोपी अरविंद कुमार जैन और अनिल जैन के विरुद्ध धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(3) और 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
