Jabalpur News: पुरानी रंजिश में किसान को मारी गोली, मेडिकल रेफर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के पाटन थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते एक किसान को गोली मारने का मामला सामने आया है। ग्राम खमदेही में खेत जा रहे किसान पर एक युवक ने कट्टे से फायर कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किसान को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

खेत जाते समय हुआ हमला

जानकारी के अनुसार ग्राम खमदेही निवासी धर्मेंद्र रैकवार शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे खेत जाने के लिए निकला था। रास्ते में गांव के बाहर बाइक से पहुंचे रामनारायण पटेल ने उसे रोक लिया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इसी दौरान आरोपी ने कट्टा निकालकर फायर कर दिया।

गोली धर्मेंद्र के पेट में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किसान को तत्काल पाटन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया।

घायल धर्मेंद्र रैकवार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि करीब छह महीने पहले रामनारायण पटेल के खेत में काम करने वाले कर्मचारियों से उसका विवाद हुआ था। उस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी। उसी पुराने विवाद और रंजिश के चलते आरोपी ने उस पर जानलेवा हमला किया।

सामुदायिक केंद्र के पास दिया वारदात को अंजाम

घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह बघेल पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा पाया गया है।

टीआई गोपेंद्र सिंह बघेल के अनुसार धर्मेंद्र खेत जाने से पहले गांव में बने नए सामुदायिक केंद्र में पानी डालने के लिए रुका था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचकर छिप गया और मौका मिलते ही फायरिंग कर दी।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post