दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना अधारताल के अंतर्गत आने वाले कृषि विश्वविद्यालय (एग्रीकल्चर) गेट के सामने एक सब्जी विक्रेता पर सरेराह चाकू और पत्थरों से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित से शराब पीने के लिए पैसों की मांग की थी और मना करने पर इस हिंसक वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बजरंगबाड़ा (कटरा, अधारताल) निवासी 37 वर्षीय जितेंद्र साहू सब्जी बेचने का काम करता है। सुबह लगभग 10:30 बजे वह अपने साथी अनिल विश्वकर्मा के साथ किसी काम से सुहागी हनुमान मंदिर की तरफ जा रहा था।
जैसे ही वे एग्रीकल्चर गेट के सामने पहुंचे, वहां इलाके के बदमाश शिव शंकर प्रताप सिंह ने उन्हें रोक लिया। आरोपी शिव शंकर पीड़ित जितेंद्र के साथ गाली-गलौज करने लगा और जबरन शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा।
जब जितेंद्र साहू ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया, तो आरोपी शिव शंकर आगबबूला हो गया। उसने अपने पास रखे चाकू से जितेंद्र पर हमला कर दिया, जिससे उसके बाएं पैर की जांघ में गंभीर चोट आई। इसके बाद भी जब आरोपी का मन नहीं भरा, तो उसने जितेंद्र पर पत्थर फेंककर मारा, जो उसके हाथ में लगा। वारदात के बाद आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से भाग निकला।
घटना के बाद घायल पीड़ित ने अधारताल थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी शिव शंकर प्रताप सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
