Indore News: महिला ने पार्षद पति के खिलाफ की शिकायत, महिला से पूछा- दोस्ती करोगी क्या; थाने पहुंचा मामला, बाद में हुआ राजीनामा

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा पार्षद पति के खिलाफ की गई शिकायत चर्चा का विषय बन गई। महिला ने आरोप लगाया था कि पार्षद पति सुभाष सुनेर ने उसके घर पहुंचकर व्यक्तिगत सवाल पूछे और दोस्ती करने का प्रस्ताव रखा। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो जाने के कारण मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

पुलिस के अनुसार, इलाके में टैंकर से पानी वितरण के दौरान पार्षद पति महिला के घर पहुंचे थे। महिला ने इस पर आपत्ति जताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि घर के अंदर बैठकर पार्षद पति ने उसके परिवार, पति के कामकाज और निजी जीवन से जुड़े सवाल पूछे तथा दोस्ती करने की बात कही।

महिला ने यह भी आरोप लगाया था कि इससे पहले उसे फोन कर संपर्क किया गया था। उसके मुताबिक जाते समय पार्षद पति ने बातचीत की जानकारी किसी को न देने की बात भी कही थी।

एडिशनल डीसीपी प्रियंका डूडवे ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद महिला के बयान दर्ज किए गए। पूछताछ के दौरान महिला ने कहा कि नाराजगी के चलते उसने आवेदन दिया था और अब वह किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती। इसके बाद मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

एरोड्रम थाना प्रभारी वेंद्रद सिंह कुशवाह ने बताया कि शिकायतकर्ता महिला द्वारा कार्रवाई से इनकार करने के बाद दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया। वहीं मामले में पार्षद पति सुभाष सुनेर का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका क्योंकि उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post