Katni News: लाल तलैया के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र स्थित लाल तलैया के पास शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पेड़ के नीचे संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला, जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, लाल तलैया के समीप से गुजर रहे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई पूरी की।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों और बस्तियों में पूछताछ कर रही है। साथ ही जिले के अन्य थानों और पड़ोसी जिलों के गुमशुदगी रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि मृतक की शिनाख्त हो सके।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post