Jabalpur News: पांच वाहन आपस में भिड़े, कई लोग घायल; वाहनों में फंसे लोगों को स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र स्थित नागा घाटी में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरेला शारदा मंदिर रोड पर पांच वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए और उनमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नागा घाटी से नीचे उतरते समय एक वाहन अनियंत्रित हो गया, जिसके बाद पीछे आ रहे अन्य वाहन भी आपस में भिड़ते चले गए। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

सूचना मिलते ही बरेला पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

“ब्लैक स्पॉट” बन चुका शारदा मंदिर रोड


स्थानीय लोगों का कहना है कि नागा घाटी और शारदा मंदिर रोड का यह हिस्सा लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। सड़क सपाट होने और भारी वाहनों के ब्रेक फेल होने जैसी समस्याओं के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने इस क्षेत्र को “मौत का प्वाइंट” बताते हुए प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

क्षेत्रवासियों के मुताबिक कई बार पुलिस और प्रशासन को इस खतरनाक मार्ग के बारे में अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा संकेतक, गति नियंत्रण व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड नहीं होने से हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।

सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नागा घाटी क्षेत्र को जल्द “ब्लैक स्पॉट” घोषित कर यहां आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। 

Post a Comment

Previous Post Next Post