Jabalpur News: जैन धर्मशाला में महिला से छेड़छाड़, दर्शन करने आई महिला को आरोपी ने रोका, बच्चे को जान से मारने की धमकी देकर फरार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पिसनहारी की मढ़िया जैन तीर्थ धर्मशाला में रविवार रात राजस्थान के जयपुर से आई एक महिला के साथ छेड़छाड़ और लूट के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को चाकू दिखाकर डराया और उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, महिला अपने परिवार के साथ दर्शन करने जैन तीर्थ पहुंची थी। देर रात वह बच्चों को वॉशरूम ले गई थी। इसी दौरान वॉशरूम के पीछे छिपा एक युवक अचानक सामने आ गया। आरोपी ने महिला को रोककर छेड़छाड़ की और लूट का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर उसने चाकू दिखाते हुए बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।

महिला ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाया। आवाज सुनकर धर्मशाला परिसर में मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने धर्मशाला परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना के बाद धर्मशाला की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय परिसर में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था।

गढ़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post