दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और हनुमानताल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 2.93 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल ने बताया कि क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि मीरा मच्छी वाली गली स्थित देशी कलारी के सामने माला सोनकर अवैध रूप से स्मैक बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध महिला को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम माला सोनकर (30) निवासी सिंधी कैंप बताया। तलाशी के दौरान महिला ने अपनी कमर में छिपाकर रखा एक छोटा लेडीज पर्स निकाला, जिसमें कागज की 100 पुड़ियों में स्मैक रखी मिली। तौल करने पर कुल 2.93 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में महिला ने बताया कि स्मैक उसका पति बौरा उर्फ मोनू लेकर आया था। पुलिस ने आरोपी माला सोनकर के कब्जे से स्मैक जब्त करते हुए माला सोनकर एवं मोनू उर्फ बौरा सोनकर के खिलाफ धारा 8/21 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
