Jabalpur News : स्वच्छता का संदेश लेकर सड़कों पर निकली 'स्वच्छता साइकिल रैली'

 


दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के संकल्प के साथ आज, 17 मई को नगर निगम द्वारा एक 'स्वच्छता साइकिल रैली' का आयोजन किया गया। सुबह ठीक 6:30 बजे नगर निगम मुख्यालय से इस रैली का आगाज हुआ। महापौर जगत बहादुर अन्नू  की अगुवाई में शुरू हुई इस रैली में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में साइकिल चलाकर स्वच्छता और स्वास्थ्य का संदेश दिया।

निगम मुख्यालय से सतपुड़ा क्लब तक बना स्वच्छता का माहौल

यह जागरूकता रैली नगर निगम मुख्यालय से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। सिविल लाइन स्थित सतपुड़ा क्लब के सामने पहुंचकर रैली का  समापन हुआ। रैली के दौरान पूरे मार्ग में प्रतिभागी हाथों में स्वच्छता के स्लोगन वाली तख्तियां लिए हुए थे और लोगों को कचरा डस्टबिन में डालने व सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए प्रेरित कर रहे थे।

कमिश्नर, अध्यक्ष और MIC सदस्य भी हुए शामिल

इस आयोजन में नगर निगम की प्रशासनिक और राजनीतिक विंग का पूरा समन्वय देखने को मिला। महापौर जी के साथ रैली में मुख्य रूप से नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार , नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज  और एमआईसी सदस्य भी साइकिल चलाते नजर आए। सुबह-सुबह निकली इस रैली में शहर के युवाओं, बच्चों और जागरूक नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नगर निगम प्रशासन ने रैली के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों और सहभागी नागरिकों का आभार व्यक्त किया है। समापन स्थल सतपुड़ा क्लब के सामने सभी प्रतिभागियों को शहर को नंबर-1 बनाने की शपथ भी दिलाई गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post