दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना रांझी क्षेत्र में लगातार हुई दो वाहन चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए 14 वर्षीय दो विधि विवादित बालकों को पकड़ा है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की गई दोनों एक्टिवा भी बरामद कर ली हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों बालकों ने केवल गाड़ी चलाने का शौक पूरा करने के लिए वारदात को अंजाम दिया था।
पहली घटना में प्रमोद गुप्ता निवासी बड़ा पत्थर, दुर्गा मंदिर के पास, थाना रांझी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 12.05.2026 की रात उनकी पत्नी खालसा स्कूल के पास खाना बनाने गई थीं। वापस लौटने पर उनकी एक्टिवा क्रमांक MP 20 SS 1609 गायब मिली। वही दूसरी घटना में अमर विश्वास, निवासी जेडीए कॉलोनी, बड़ा पत्थर, थाना रांझी ने रिपोर्ट दी कि घर के सामने खड़ी उनकी एक्टिवा क्रमांक MP 20 SF 5703 को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर दो नाबालिगों को चिन्हित कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों बालकों ने स्वीकार किया कि उन्हें गाड़ी चलाने का शौक था, लेकिन घर में वाहन नहीं होने के कारण उन्होंने पुरानी चाबी का उपयोग कर दोनों वाहनों के लॉक खोलकर चोरी की। इसके बाद वे चोरी की गई एक्टिवा चलाकर इधर-उधर घूमते रहे और पेट्रोल खत्म होने पर उन्हें सुंदरवन स्थित खंडहर के पास खड़ा कर दिया।पुलिस ने दोनों विधि विवादित बालकों की निशानदेही पर चोरी की गई दोनों एक्टिवा बरामद कर ली हैं।
