Jabalpur News: नगर निगम का विशेष अभियान जारी, 35 आवारा कुत्तों का किया गया टीकाकरण और बधियाकरण

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशन में विभिन्न वार्डों में आवारा कुत्तों के बधियाकरण और एंटी-रेबीज टीकाकरण की कार्रवाई युद्ध स्तर पर की जा रही है।

नगर निगम के उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन और सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां से नागरिकों द्वारा लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। गुरुवार को नगर निगम की टीम और मां बगलामुखी सेवा समिति के डॉग कैचर्स ने शहर के कई इलाकों में सघन अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान चेरीताल, अशोक नगर, मधुवन कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, राइट टाउन, मदन महल, लकड़गंज, बाई का बगीचा, बड़ी खेरमाई भान तलैया, सारा सिटी, न्यू आनंद नगर, अधारताल और पंजाब बैंक कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों से कुल 35 आवारा कुत्तों को पकड़ा गया।

नगर निगम द्वारा सभी कुत्तों को सुरक्षित रूप से कठौंदा स्थित श्वान बधियाकरण केंद्र भेजा गया है। यहां अनुभवी पशु चिकित्सकों की निगरानी में उनका बधियाकरण किया जाएगा तथा एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई जाएगी।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करना नहीं, बल्कि उन्हें रेबीज मुक्त बनाकर शहर में नागरिकों और पशुओं के बीच सुरक्षित वातावरण तैयार करना भी है। पूरी प्रक्रिया पशु कल्याण मानकों के अनुरूप संपन्न की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post