दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय एक बार फिर परीक्षा प्रणाली को लेकर विवादों में घिर गया है। बीपीएड की छात्रा निकिता रजक ने आरोप लगाया है कि उसकी उत्तर पुस्तिका का सही तरीके से मूल्यांकन किए बिना ही उसे एक विषय में फेल कर दिया गया।
छात्रा का दावा है कि जब उसने अपनी कॉपी की जांच की तो कई पन्नों पर कोई भी जांच निशान नहीं थे, जबकि उसे 70 में से केवल 12 अंक दिए गए थे। इस पर छात्रा ने सवाल उठाते हुए कहा कि उसकी मेहनत की अनदेखी की गई है।
निकिता ने बताया कि वह 8 में से 7 विषयों में पास है, लेकिन एक विषय में फेल होने से एमपीएड प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
मामले पर कुलगुरु ने कहा है कि संबंधित उत्तर पुस्तिका को दोबारा जांच के लिए भेजा जाएगा और निष्पक्ष निर्णय लिया जाएगा। वहीं, छात्र संगठनों ने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
