Jabalpur News: बर्थडे पार्टी से लौटे युवक की चाकू मारकर हत्या

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र में देर रात बर्थडे पार्टी में जाने के बाद लौटे युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बर्थडे पार्टी के लिए घर से निकला था कपिल प्यासी

मदनमहल थाना प्रभारी धीरज कुमार राज ने बताया कि अतुल प्यासी (उम्र 26 वर्ष), निवासी जहांगीराबाद, ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसका बड़ा भाई कपिल प्यासी (उम्र 28 वर्ष) शुक्रवार रात लगभग 8 बजे घर से बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर निकला था।

रात 1:30 बजे घर के बाहर पड़ा मिला खून से लथपथ

रात करीब 1:30 बजे घर के बाहर झगड़े की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो कपिल प्यासी खून से लथपथ हालत में पड़ा था। इस दौरान अंकुश और निहाल को नवभारत प्रेस की ओर भागते हुए देखा गया।

परिजनों के अनुसार, कपिल ने बताया कि उस पर अंकुश सोंधिया और निहाल सोंधिया ने चाकू से हमला किया है। मौके पर मौजूद उसके दोस्त शिवम पटेल, हरी कृष्णा और हनी पटेल ने भी आरोप लगाया कि दोनों हमलावरों ने चाकू मारकर कपिल को गंभीर रूप से घायल किया और मौके से फरार हो गए।

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

परिजन घायल कपिल को तुरंत जबलपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही कपिल प्यासी ने दम तोड़ दिया।

पहले भी हुआ था विवाद, बाद में हुआ था समझौता

बताया गया कि इससे पहले रात करीब 12 बजे अमोदा रेस्टोरेंट के पास कपिल और आरोपियों अंकुश व निहाल के बीच मामूली विवाद हुआ था। बाद में दोस्तों ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था।

समझौते के बाद फिर हुआ हमला

परिजनों का कहना है कि समझौते के बाद रात करीब 1:30 बजे आरोपी अशोका होटल की तरफ से मोटरसाइकिल पर आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर निहाल ने कपिल को पकड़ लिया और अंकुश ने चाकू से कमर में वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हत्या का मामला दर्ज, जांच शुरू

थाना मदनमहल पुलिस ने मामले में आरोपियों अंकुश सोंधिया उर्फ नटबर और निहाल सोंधिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 103(1), 3(5) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post