Jabalpur News: “ईसाई धर्म अपनाओ, तभी मिलेगी नौकरी” - सेंट एलायसिस स्कूल पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप; महिला कर्मचारियों ने पुलिस से की शिकायत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सेंट एलायसिस स्कूल में कार्यरत महिला सफाई कर्मचारियों ने स्कूल प्रबंधन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना है कि ईसाई धर्म अपनाने से इनकार करने पर उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। इस पूरे मामले को लेकर हिंदू धर्म सेना भी महिलाओं के समर्थन में सामने आई है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

महिला कर्मचारियों ने लगाए गंभीर आरोप

पीड़ित महिलाओं ने शिकायत में आरोप लगाया कि स्कूल में हाल ही में आए फादर सोमी जैकब और अन्य स्टाफ द्वारा कर्मचारियों पर चर्च आने और ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा था।

महिलाओं का कहना है कि उनसे कहा गया कि यदि स्कूल में काम करना है तो ईसाई धर्म स्वीकार करना होगा, अन्यथा नौकरी छोड़नी पड़ेगी। आरोप है कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर 3 से 4 महिला सफाई कर्मचारियों को काम से बाहर कर दिया गया।

महिलाओं ने बताया कि उन्होंने परिवार की जिम्मेदारियों का हवाला देकर नौकरी बनाए रखने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।

“पहले सब सामान्य था, नए फादर आने के बाद बदला माहौल”


शारदा विहार मदर टेरेसा क्षेत्र निवासी दीपा पटेल ने बताया कि वह वर्ष 2024 से स्कूल में सफाई कर्मचारी के रूप में काम कर रही थीं। उनके अनुसार पहले स्कूल में ऐसा कोई दबाव नहीं था।

दीपा का आरोप है कि नए फादर के आने के बाद महिला कर्मचारियों को चर्च बुलाया जाने लगा। कुछ महिलाएं डर के कारण तैयार हो गईं, लेकिन उन्होंने और अन्य कर्मचारियों ने मना कर दिया। इसके बाद उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया।

उन्होंने बताया कि एक दिन काम के दौरान घर से फोन आने पर बातचीत करने लगीं, तभी साथ में काम कर रही महिला कर्मचारी ने उन्हें डांटा। इसकी शिकायत जब उन्होंने फादर से की तो कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही नौकरी से निकाल दिया गया।

12 साल नौकरी करने वाले कर्मचारी को भी निकाला

कटंगी निवासी राजेश वाल्मीकि ने भी स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने 12 वर्षों तक स्कूल में काम किया।

राजेश के अनुसार अप्रैल में पारिवारिक कार्यक्रम के चलते दो दिन की छुट्टी लेने के बाद जब वह वापस काम पर पहुंचे तो उन्हें गेट पर रोक दिया गया। आरोप है कि उनसे कहा गया कि या तो धर्म परिवर्तन करो या नौकरी छोड़ दो। उन्होंने बताया कि बाद में दो महीने का वेतन देकर उन्हें काम से हटा दिया गया।

हिंदू धर्म सेना ने दी आंदोलन की चेतावनी

मामले को लेकर हिंदू धर्म सेना के प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत ने कहा कि केवल एक-दो नहीं बल्कि कई कर्मचारियों को धर्म परिवर्तन नहीं करने पर नौकरी से निकाला गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के कुछ स्कूलों में नौकरी के नाम पर धर्मांतरण कराया जा रहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।

एएसपी बोले- शिकायत की जांच जारी


एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और नौकरी से निकालने के आरोप लगाए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post