Jabalpur News: कृष्णा विहार में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के कृष्णा विहार इलाके में 27 वर्षीय युवक अखिलेश लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मृतक के बड़े भाई आकाश लोधी ने बताया कि जब उन्हें घटना की जानकारी मिली और वे मौके पर पहुंचे, तब अखिलेश का शव कमरे में सोफे पर पड़ा हुआ था। परिजनों का कहना है कि जिस गमछे को फंदे के रूप में इस्तेमाल किए जाने की बात कही जा रही है, वह नीचे फर्श पर पड़ा मिला।

आकाश लोधी के अनुसार कमरे का दरवाजा भी अंदर से बंद नहीं था। उन्होंने बताया कि दरवाजा धक्का देने पर आसानी से खुल गया, जिससे पूरे घटनाक्रम पर संदेह गहरा गया है।

परिजनों ने आरोप लगाया कि अखिलेश के साथ रहने वाले उसके रूममेट सिद्धार्थ पटेल ने घटना के बाद मृतक के ही फिंगरप्रिंट का उपयोग कर मोबाइल फोन का लॉक खोला और कुछ लोगों को कॉल कर घटना की जानकारी दी।

मृतक के भाई ने कहा कि पुलिस केवल एक पक्ष के बयान के आधार पर निष्कर्ष पर न पहुंचे, बल्कि घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए गहन जांच करे।

परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच से ही अखिलेश की मौत का वास्तविक कारण सामने आ सकेगा। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post