दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में छोटी-छोटी बातों पर विवाद और फिर सीधे चाकू निकाल लेना अब एक आम बात होती जा रही है। ताजा मामला हनुमानताल थाना क्षेत्र का है, जहां सिर्फ मोटरसाइकिल (बुलेट) हटाने की बात कहने पर कुछ युवकों ने एक नगर निगम कर्मी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहुलुहान कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हनुमानताल थाना प्रभारी के अनुसार राजीवनगर (मोहरिया, राजाबाबा की कुटी) निवासी 26 वर्षीय मोहम्मद दिलशाद ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। दिलशाद नगर निगम में प्राइवेट काम करता है।
उसने बताया कि देर रात करीब 12:30 बजे वह अपने दोस्त मोहम्मद कलीम और मोहम्मद शानू के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जब वे गली नंबर 1, मोहरिया कैफे के सामने गुटखा लेने के लिए रुके, तभी वहां मोहम्मद हसन अपने दो साथियों के साथ पहुंचा और अपनी बुलेट गाड़ी को दिलशाद की मोटरसाइकिल के ठीक आगे अड़ाकर खड़ी कर दी।
पीड़ित दिलशाद ने जब मोहम्मद हसन से शालीनता से अपनी बुलेट वहां से हटाने को कहा, तो आरोपी हसन और उसके दोनों साथी भड़क गए। वे बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगे और विरोध करने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि मोहम्मद हसन ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाला और जान से मारने की नीयत से दिलशाद पर हमला कर दिया। इस हमले में दिलशाद की बाईं भुजा (बाजू) और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी पीड़ित और उसके दोस्तों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। हनुमानताल थाना पुलिस ने पीड़ित मोहम्मद दिलशाद की शिकायत पर मुख्य आरोपी मोहम्मद हसन और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(3), और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।
Tags
jabalpur
