Jabalpur News: रांझी के अन्ना बाबा मोहल्ले में सनसनी, 75 वर्षीय महिला की हत्या कर शव कुएं में फेंकने की आशंका

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र स्थित अन्ना बाबा मोहल्ला में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 75 वर्षीय वृद्ध महिला पुष्पा शर्मा का शव घर के पास स्थित कुएं में मिला। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस को आशंका है कि बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुसे थे और विरोध करने पर महिला की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया।

जानकारी के अनुसार मृतका पुष्पा शर्मा घर में अकेली रहती थीं। उनके दोनों बेटे खेती-बाड़ी के काम से होशंगाबाद गए हुए थे। शाम के समय रोजाना खाना बनाने आने वाली बाई घर पहुंची, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उसने पड़ोसियों को सूचना दी। आसपास तलाश करने पर घर के पास स्थित कुएं में महिला का शव दिखाई दिया। घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घर का सामान बिखरा हुआ मिला। कमरे में रखी अलमारी खुली थी और अन्य सामान भी अस्त-व्यस्त हालत में मिला। घर के हालात देखकर पुलिस को चोरी की नीयत से वारदात किए जाने का शक गहरा गया है। मौके पर संघर्ष के निशान भी मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वृद्ध महिला ने आरोपियों का विरोध किया था।

रांझी थाना पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post