Jabalpur News: घर में घुसा आवारा कुत्ता, 3 साल की मासूम को नोचा; ढाई महीने की बच्ची को जबड़े में दबोचकर भागने लगा — मां ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों को बचाया

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पाटन क्षेत्र के आगासौद गांव में आवारा कुत्ते के हमले से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, तीन वर्षीय प्राची घर पर खेल रही थी, तभी कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला। उसकी चीख सुनकर मां दौड़ी और बच्ची को बचाने की कोशिश की।

इसी दौरान कुत्ता ढाई माह की मासूम पूर्वी को जबड़े में दबोचकर भागने लगा। मां ने हिम्मत दिखाते हुए कुत्ते का पीछा कर किसी तरह दोनों बच्चियों को उसके चंगुल से छुड़ा लिया।

दोनों बच्चियों के शरीर पर गंभीर घाव आए हैं, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन नगर निगम की कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बधियाकरण और पकड़ने के दावों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। बच्चों और महिलाओं का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post